मौत के मुंह से लौटकर मां के पास पहुंचा नन्हा हाथी, मिलते ही हथिनी ने लुटाया प्यार …

तीस्ता नदी में एक नन्हा हाथी तेज बहाव के बीच फंस गया था। पानी का बहाव उसे लगातार दूर ले जा रहा था। तभी नदी में मौजूद कुछ मछुआरों की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तुरंत नाव उसकी ओर बढ़ाई और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद मछुआरे उसे नदी से बाहर लाने में सफल रहे। वायरल वीडियो को पश्चिम बंगाल के गजोलडोबा का बताया जा रहा है, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

रेस्क्यू के बाद बच्चे की हालत कमजोर दिखाई दे रही थी। वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा था। मछुआरों ने उसे संभाला और कुछ समय तक उसकी मदद की। हालत में सुधार आने के बाद उसे उसकी मां के पास पहुंचाया गया। जैसे ही हथिनी ने अपने बच्चे को देखा, वह तुरंत उसके करीब पहुंच गई और सूंड से उसे सहलाने लगी। मां और बच्चे के इस मिलन का दृश्य वहां मौजूद लोगों ने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। हथिनी लगातार अपने बच्चे के आसपास रही और उसे अपने करीब रखकर दुलार करती दिखाई दी। वीडियो सामने आने के बाद यह भावुक पल सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में मछुआरों की तत्परता और मां की ममता दोनों ही देखने वालों के दिल को छू रहे हैं।

About The Author