रायपुर में आज से गूंजेगी भागवत कथा की मधुर वाणी, इंद्रेश महाराज करेंगे श्रीकृष्ण लीलाओं का बखान, 27 सितंबर को पूर्णाहुति …

रायपुर: राजधानी रायपुर में आज से भक्ति और अध्यात्म का माहौल देखने को मिलेगा। देवेंद्र नगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो गया है। कथा के आयोजन से पहले सोमवार सुबह श्रीराम मंदिर, कृषि उपज मंडी से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। कथा वाचक इंद्रेश महाराज का भी रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर श्रद्धालुओं और आयोजकों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। 21 सितंबर से शुरू हुई यह कथा 27 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रद्धालु कथा का श्रवण कर सकेंगे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं । सात दिनों तक चलने वाली कथा में प्रतिदिन भगवान की भक्ति और उनकी लीलाओं से जुड़े विशेष प्रसंग सुनाए जाएंगे। 22 सितंबर को भक्त ध्रुव, जबकि 23 सितंबर को भक्त प्रह्लाद की भक्ति और आस्था की कथा सुनाई जाएगी। 24 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन होगा, वहीं 25 सितंबर को श्री गोवर्धन लीला महोत्सव मनाया जाएगा।

इसके बाद 26 सितंबर को श्रीकृष्ण-रुक्मिणी महोत्सव होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी से जुड़े प्रसंगों के जरिए भक्ति और प्रेम का संदेश दिया जाएगा। वहीं 27 सितंबर को कथा की पूर्णाहुति होगी। इस दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आरती, महाप्रसादी वितरण और आशीर्वचन का कार्यक्रम रखा गया है। श्रीमद्भागवत कथा को लेकर कृषि उपज मंडी ग्राउंड में व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में भागवत के अलग-अलग प्रसंगों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति के संदेश का रसपान श्रद्धालु कर सकेंगे।

About The Author