बिलासपुर में 48 लाख की नौकरी और 200 एकड़ जमीन का दावा कर रचाई शादी, खुली पोल तो दर्ज हुई FIR …

बिलासपुर : – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी के नाम पर कथित तौर पर गलत जानकारी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हर्षदीप राम जाड़ी ने युवती को दिए बायोडाटा में खुद को BITS Pilani से B.Tech और जयपुर की एक कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताया। उसने अपनी सालाना सैलरी 48 लाख रुपए बताने के साथ परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन और पिता के कारोबार का 88 लाख रुपए सालाना टर्नओवर होने का दावा किया। इन जानकारियों पर भरोसा कर युवती और उसके परिवार ने शादी के लिए सहमति दी। बाद में बायोडाटा में दी गई जानकारियां कथित तौर पर गलत निकलीं।

शादी से पहले लाखों रुपए लिए, समारोह के भुगतान पर भी विवाद

पुलिस के मुताबिक, जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही है। हर्षदीप उसके साथ हाईस्कूल में पढ़ चुका था और 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के एक होटल में दोनों का विवाह हुआ। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि शादी से पहले फरवरी और मार्च में अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर हर्षदीप और उसकी मां के खातों में करीब 4.96 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए, जबकि हर्षदीप के खाते में 60 हजार रुपए भी दिए गए। शादी के दौरान टेंट और कैटरिंग के भुगतान को लेकर भी विवाद हुआ और युवती के परिवार को अतिरिक्त रकम देनी पड़ी।

शादी की रात सामने आया सच, नौकरी और पढ़ाई के दावे पर उठे सवाल

शादी की रात ही टेंट और कैटरिंग संचालकों ने पूरा भुगतान नहीं मिलने की बात कही। अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान को लेकर हर्षदीप की कार रोके जाने की भी शिकायत में जानकारी दी गई है। इसके बाद जब युवती के परिवार ने उसके बायोडाटा में किए गए दावों की पड़ताल की तो आरोप है कि उसने BITS Pilani से पढ़ाई और नौकरी होने से इनकार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह अपने पिता के साथ इमू तेल के कारोबार से जुड़ा है। शादी में मिले जेवरों की जांच कराने पर उनके नकली होने का आरोप भी लगाया गया। जशपुर में शिकायत के बाद पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर भेजी, जिसके आधार पर कोनी पुलिस ने हर्षदीप, उसके पिता लोधन राम और मां राजो जाड़ी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

About The Author