
बिलासपुर : – तीज पर्व के बीच छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने 14 सितंबर को रद्द की गई 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। अब ट्रेन अपने निर्धारित समय के अनुसार रायपुर से कोरबा के बीच चलेगी। इससे त्योहार के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के बीच रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है। इसी परियोजना के तहत उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य को देखते हुए रेलवे ने पहले 14 सितंबर को रायपुर-कोरबा पैसेंजर को रद्द करने की घोषणा की थी। तीज पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने अपना फैसला बदलते हुए ट्रेन का परिचालन बहाल कर दिया है। ट्रेन के दोबारा चलने से रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रास्ते में आने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी। त्योहार के समय ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रेलवे का यह निर्णय अहम माना जा रहा है।



