
अंबिकापुर : – ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर आ रहे अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ सरगुजा और जशपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने 138 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 69 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अजय बंसल और बलराज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 53 पैकेटों में रखा गांजा, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो बरामद की है।
पुलिस को सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि थार और स्कॉर्पियो वाहनों से ओडिशा से गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर स्कॉर्पियो को दूसरे रास्ते से सरगुजा की ओर ले गए। बगीचा पुलिस ने इसकी जानकारी सरगुजा पुलिस को दी, जिसके बाद बतौली और लुंड्रा थाना पुलिस को अलर्ट किया गया।
बतौली थाना क्षेत्र के बिलासपुर के पास पुलिस की नाकेबंदी देखकर तस्करों ने वाहन को लुंड्रा की ओर मोड़ दिया। पीछा कर रही पुलिस टीमों से बचने के लिए आरोपियों ने बरगीडीह बस्ती में स्कॉर्पियो छोड़ दी और पैदल भागकर झेराडीह के गन्ने के खेतों में छिप गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अजय बंसल और बलराज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अमन नामक आरोपी मौके से फरार हो गया। एसडीओपी राकेश बघेल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी अमन की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।





