
रायपुर : – राजधानी रायपुर के श्याम स्क्वायर स्थित इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। मौके पर मौजूद युवतियों ने सेंटर संचालक और मैनेजर पर जबरन देह व्यापार कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन और देवेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाकर काम कराया जा रहा था। पूछताछ के दौरान युवतियों द्वारा लगाए गए आरोपों और मौके से मिली सामग्री के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा निवासी भिलाई-3 के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट), 1956 के तहत मामला दर्ज किया है।
युवतियों से पूछताछ, सेंटर की गतिविधियों की जांच
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सेंटर में युवतियों को दूसरे राज्यों से कैसे बुलाया जाता था और उनकी नियुक्ति किस प्रक्रिया से की गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कथित गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं। पुलिस ने साफ किया है कि मामले में सामने आए आरोपों और बरामद सामग्री के आधार पर जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।





