
हैदराबाद: – बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक कानूनी विवाद में घिर गई हैं। ड्यून्स एविएशन नाम की कंपनी ने उनके खिलाफ गांधीनगर कोर्ट में 3 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि अभिनेत्री ने उसके चार्टर्ड विमान को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के जरिए उसकी प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचाया।

मामला पिछले साल दिसंबर का बताया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान नोरा फतेही ने सेसना साइटेशन CJ2 विमान के अंदर वीडियो बनाए थे। इन वीडियो में उन्होंने विमान को छोटा और खिलौने जैसा बताते हुए इसे ‘लेगो एयरप्लेन’ कहा था। बाद में ये वीडियो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए। ड्यून्स एविएशन का दावा है कि अभिनेत्री के करोड़ों फॉलोअर्स हैं और उनके सोशल मीडिया पोस्ट का व्यापक प्रभाव पड़ता है। कंपनी के मुताबिक, इन टिप्पणियों के बाद उसकी बुकिंग में करीब 15 से 20 प्रतिशत की गिरावट आई और कैंसिलेशन भी बढ़ गए।

मुकदमे में कंपनी ने नोरा फतेही की टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना और तथ्यात्मक आधार से रहित बताया है। ड्यून्स एविएशन का कहना है कि जिस विमान को लेकर टिप्पणी की गई, वह पूरी तरह मानकों के अनुरूप था। कंपनी के अनुसार, विमान डीजीसीए से प्रमाणित था, उड़ान के लिए सुरक्षित था और वैध NSOP के तहत संचालित किया जा रहा था।कंपनी ने अदालत से 3 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित पोस्ट और विमान से जुड़ी सामग्री हटाने का निर्देश देने की भी मांग की है। इसके अलावा, अभिनेत्री की ओर से सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की गई है। इस मामले की सुनवाई सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में 25 सितंबर को होनी है। फिलहाल नोरा फतेही की ओर से मुकदमे को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







