
रायपुर : – शक्कर की बढ़ती कीमतों और सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस आज छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और जनविरोधी फैसलों से आम जनता परेशान है। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशभर में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।
अन्याय के खिलाफ संघर्ष कांग्रेस की पहचान
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनविरोधी नीतियों और अन्याय के खिलाफ सत्याग्रह एवं संघर्ष का रहा है। ‘चीनी सत्याग्रह’ भी इसी परंपरा की कड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
सरकार से जवाब मांगेंगे कांग्रेसी
उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। सरकार को अपनी नीतियों और फैसलों को लेकर जनता के सामने जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि ‘चीनी सत्याग्रह’ के जरिए कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर जनता की आवाज बुलंद करेगी और हर स्तर पर आम लोगों के साथ खड़ी रहेगी।





