
भिलाई : – छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक और कार्रवाई से सियासी हलचल तेज हो गई है। मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तत्कालीन पीए रहे केके चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित आवास पर ED की टीम पहुंची। सुबह करीब 6 बजे दो गाड़ियों में अधिकारियों की टीम यहां पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम में करीब 5 से 8 अधिकारी शामिल हैं। टीम घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य कागजातों की बारीकी से जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवानों की तैनाती भी की गई है। फिलहाल जांच किस मामले या केस से जुड़ी है, इसे लेकर ED की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सुबह-सुबह पहुंची टीम, जांच जारी
बताया जा रहा है कि ED अधिकारियों ने चंद्रवंशी के आवास पर पहुंचने के बाद दस्तावेजों की छानबीन शुरू की। टीम किन-किन रिकॉर्ड और कागजातों को जांच के दायरे में ले रही है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच से जुड़ी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

कार्रवाई से गरमा सकता है सियासी माहौल
केके चंद्रवंशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए रह चुके हैं। ऐसे में उनके आवास पर ED की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल बढ़ना तय माना जा रहा है। कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया आने की भी संभावना है। फिलहाल ED की टीम घर के अंदर जांच में जुटी है। छापे के दौरान क्या मिला और कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी आगे की जानकारी सामने आएगी।







