
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में होटल में 21 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती को उसके प्रेमी राहुल उर्फ नितिन यादव ने जन्मदिन के बहाने शिकोहाबाद में रोका और होटल ले गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, कथित तौर पर सहयोग करने वाला उसका साथी अभिषेक अभी फरार है।

पुलिस जांच के अनुसार, युवती गुरुग्राम में नौकरी करती थी और रक्षाबंधन के मौके पर अपने गांव लौट रही थी। शिकोहाबाद पहुंचने पर आरोपी ने उसे घर जाने से रोक लिया। बाद में अपने दोस्त की मदद से मईयामई क्षेत्र के एक होटल में कमरा लिया गया। पुलिस का दावा है कि होटल में युवती के साथ जबरदस्ती की गई और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट हुई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। देर रात आरोपी युवती को अपने साथी के साथ बाइक से शिकोहाबाद मंडी के पास एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी का साथी मौके से फरार हो गया।

मामले में पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। मृतका की सहेली और निजी अस्पताल के कर्मचारियों को अहम गवाह बनाया गया है। युवती ने घर जाने से पहले अपना सामान अपनी सहेली के यहां रखा था, जिससे जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पोस्टमार्टम में सिर में लगी चोट और अंदरूनी रक्तस्राव को मौत से जुड़ा बताया गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग पर प्रदर्शन भी किया था। रक्षाबंधन के पर्व से पहले हुई इस घटना के बाद युवती के गांव में मातम पसरा हुआ है।






