
रायपुर: नवा रायपुर स्थित ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रही घटनाओं को लेकर अब सरकार ने सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। खदान में लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने और हादसों को नियंत्रित करने के लिए इसे प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किए जाने की बात सामने आई है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित किया जाएगा, ताकि लोग यहां पहुंचकर अपनी जान जोखिम में न डालें।

सरकार खदान के चारों ओर सुरक्षा के इंतजाम भी मजबूत करने जा रही है। मंत्री के मुताबिक, खदान की सीमाओं पर फेंसिंग कराई जाएगी, जिससे लोगों को खतरनाक क्षेत्र में जाने से रोका जा सके। इसके अलावा मौके की स्थिति का जायजा लेकर जरूरी सुरक्षा उपायों पर भी काम किया जा रहा है। इसके लिए बाहर से आई टीम लगातार मौके पर काम कर रही है।ब्लू वाटर खदान में हादसों और लोगों के जोखिम भरे तरीके से पानी में उतरने की घटनाओं के बीच सरकार का यह फैसला अहम माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन का फोकस खदान क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर है। माना जा रहा है कि प्रतिबंध और फेंसिंग के बाद यहां होने वाले हादसों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।






