
कोलकाता में बुधवार तड़के पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। मृतकों में चार साल का बच्चा भी शामिल है। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित इस इमारत में कई होटल चलते हैं। आग रात करीब 1:45 बजे लगी, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान में करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पश्चिम बंगाल के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और इनमें भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है, हालांकि अंतिम कारण फोरेंसिक जांच के बाद सामने आएगा। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत की स्थिति खराब थी और सुरक्षा व निर्माण नियमों के पालन में भी लापरवाही की आशंका है।
पुलिस के अनुसार, आग के बाद इमारत में घना धुआं भर गया था, जिससे दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आग पर काबू पाने के बाद इमारत को ठंडा करने का काम जारी है। पुलिस ने होटल मालिक के फरार होने की बात कही है और उसकी तलाश की जा रही है। इससे पहले सोमवार को तारापीठ के एक होटल में भीषण आग में नौ लोगों की मौत हुई थी, जिससे लगातार हो रहे होटल अग्निकांडों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







