
नई दिल्ली : – केजीएफ स्टार यश की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म के टीजर और ‘तबाही’ गाने में दिखाए गए बोल्ड और इंटिमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस हुई थी। कुछ लोगों ने इन सीन्स को ‘वुल्गैरिटी’ से जोड़कर सवाल भी उठाए। अब यश ने इन विवादों पर खुलकर जवाब दिया है और कहा कि फिल्म को एक खास सोच और आज की जेनरेशन को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

इंडिया टीवी के शो ‘आप की अदालत’ में यश से फिल्मों में हिंसा और बोल्ड सीन्स को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि वुल्गैरिटी गलत है और ‘मैंने तो एक Kiss भी नहीं किया है।’ यश ने कहा कि एक क्रिएटर के तौर पर सीमाओं को समझना जरूरी है और किसी भी सीन को कलात्मक व खूबसूरत तरीके से पर्दे पर दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ‘टॉक्सिक’ खास तौर पर Gen-Z की सोच, उनके सवालों और पुरानी पीढ़ी के साथ होने वाली बातचीत को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर ड्रामा फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत नजर आएंगी। ‘तबाही’ गाने में यश और कियारा के रोमांटिक सीन्स को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। ‘केजीएफ 2’ के बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी वाली यह फिल्म 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों और IMAX स्क्रीन्स पर कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी।




