
ओडिशा के कोरापुट जिले में 29 जुलाई से लापता 22 वर्षीय अल्बिना गराड़ा की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के गजपतिनगरम इलाके से महिला का शव बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को जमीन में दफना दिया गया था। अल्बिना कोरापुट जिले के दसमंतपुर क्षेत्र के टुंखाल गांव की रहने वाली थी।

मामले में पुलिस ने सुनाबेड़ा के काकीगांव निवासी 35 वर्षीय मोहन खिल्ला और सेमिलीगुड़ा निवासी 19 वर्षीय मिलन कुलदीप को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आंध्र प्रदेश के मारुपल्ली गांव के पास एक पेड़ के नीचे दफन शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ डीएनए जांच के लिए नमूने भी सुरक्षित किए हैं। मृतका के पिता ने शव पर मिले कपड़ों की पहचान की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहन खिल्ला की दो पत्नियां थीं और उसका अल्बिना के साथ भी संबंध था। पुलिस को आशंका है कि इसी रिश्ते को लेकर घरेलू विवाद हुआ और महिला की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को मिलन की मदद से कार में आंध्र प्रदेश ले जाकर दफनाने का आरोप है। पुलिस ने कार, जमीन खोदने में इस्तेमाल किए गए हथियार, मोबाइल फोन, कपड़े और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।




