
कबीरधाम: कवर्धा-राजनांदगांव मार्ग पर ग्राम भागुटोला के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गोवंश घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और 5 से 7 निजी स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और मार्ग पर गोवंश की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की बात कही। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले 12 अगस्त को कबीरधाम यातायात पुलिस ने सड़क हादसों को रोकने के लिए 200 गोवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाए थे। पुलिस का कहना था कि रात में हेडलाइट पड़ने पर ये बेल्ट चमकेंगे और वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद मवेशी दूर से दिखाई देंगे। बारिश में कम दृश्यता के चलते हादसों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में पुलिस ने पशुपालकों और गौ-सेवकों से भी गोवंश को सड़कों पर लावारिस न छोड़ने की अपील की थी। इसके बावजूद भागुटोला में पांच गायों की मौत का हादसा सामने आया।





