
हिमाचल के चंबा में दर्दनाक बस हादसा सामने आया है। शनिवार सुबह तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी और इसमें करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में मदद की।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 लोग घायल हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जगदेव पुत्र धर्म सिंह, हरदेई पत्नी जगदेव और देसराज पुत्र त्रिलोचन, सभी निवासी बाहला देवीकोठी के रूप में हुई है। इसके अलावा बस चालक रूप सिंह पुत्र राधाराम, निवासी चिल्ली थल्ली, कंडक्टर तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल, निवासी सत्यास तरेला, निलमा पत्नी मोतीराम, निवासी चिल्ली देवीकोठी और जगदेई पत्नी हरिलाल, निवासी बाहला देवीकोठी की भी हादसे में मौत हुई है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







