
रायपुर ; – राजधानी रायपुर के गंज थाना परिसर से पुलिस की हिरासत में रखा गया चोरी का आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को सुबह शौच के लिए लॉकअप से बाहर लाया गया था। इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाया और पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, भीमगज उर्फ विक्की को चोरी के एक मामले में सूरजपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। चार अगस्त की रात गंज थाना पुलिस उसे ट्रांजिट पर रायपुर लेकर आई थी और सुरक्षा के लिहाज से पुरुष बंदीगृह में रखा गया था।
बुधवार सुबह करीब 9:50 बजे आरोपी ने शौच जाने की अनुमति मांगी। थाना परिसर में स्थित शौचालय तक उसे प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक की निगरानी में ले जाया गया। इसी बीच आरोपी ने शौचालय में पानी नहीं आने की बात कही। पानी चालू करने के लिए प्रधान आरक्षक मोटर का स्विच ऑन करने चले गए। बस इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिसकर्मी की नजर बचाकर वहां से फरार हो गया। जब प्रधान आरक्षक वापस लौटे तो ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने आरोपी के फरार होने की जानकारी दी। इसके बाद थाना परिसर और आसपास के इलाके में तत्काल तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का एक और मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।






