
सावन के महीने में व्रत रखने वाले लोग स्वाद और सेहत, दोनों का ध्यान रखते हैं। ऐसे में अगर आप रोज़-रोज़ एक जैसा फलाहार खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार घर पर बनाइए आलू का हलवा। यह रेसिपी झटपट तैयार हो जाती है और स्वाद ऐसा होता है कि हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा।

सबसे पहले जानिए इसकी सामग्री।
इसके लिए 4 से 5 उबले हुए आलू, 3 से 4 बड़े चम्मच देसी घी, आधा कप चीनी, आधा कप दूध, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 8 से 10 काजू, 8 से 10 बादाम और सजावट के लिए कटे हुए पिस्ते की जरूरत होगी।
अब शुरू करते हैं रेसिपी।
सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि उनमें कोई गांठ न रहे। अब एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें और उसमें मैश किए हुए आलू डालकर 8 से 10 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें। जब आलू हल्के सुनहरे रंग के हो जाएं और घी की खुशबू आने लगे, तब इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद आधा कप दूध डालें और लगातार चलाते हुए मिश्रण को पकाएं। इससे हलवा मुलायम और क्रीमी बनेगा।

अब इसमें इलायची पाउडर, काजू और बादाम डालकर 2 से 3 मिनट तक और पकाएं। जब हलवा कड़ाही छोड़ने लगे, तो समझिए आपकी रेसिपी तैयार है। आखिर में हलवे को एक बाउल में निकालें, ऊपर से पिस्ता या बादाम से गार्निश करें और गरमा-गरम सर्व करें। सावन के व्रत में यह आसान और स्वादिष्ट आलू का हलवा आपके फलाहार का स्वाद कई गुना बढ़ा देगा।





