
भिलाई-दुर्ग: भिलाई के सेक्टर-6 स्थित सिविक सेंटर जयंती स्टेडियम मैदान में 17 से 23 अगस्त तक सीहोर के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। बारिश के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ डोम शेड का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
कलेक्टर और एसएसपी ने किया निरीक्षण
कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ कथा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त, एएसपी शोभराज अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पांच विशाल वाटरप्रूफ डोम होंगे तैयार
बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने बताया कि भूमि पूजन के बाद से ही आयोजन की तैयारियां लगातार जारी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच विशाल वाटरप्रूफ डोम तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें लाखों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था
दुर्ग शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि 17 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन के लिए सुरक्षा और यातायात की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और आयोजकों को सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।





