
नोएडा मेट्रो के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने एक्वा लाइन के दो नए रूटों के सिविल निर्माण के लिए लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का चयन किया है। करीब 2,970 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट के लिए गुरुवार को फाइनेंशियल बिड खोली गई, जिसमें 9 कंपनियों के बीच L&T सबसे सफल बोलीदाता रही। दो बार री-टेंडर की प्रक्रिया के बाद अब उम्मीद है कि अगले एक महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। NMRC के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश के मुताबिक, पूरा प्रोजेक्ट एलिवेटेड ट्रैक पर तैयार किया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी L&T निभाएगी, जबकि इसकी निगरानी NMRC स्वयं करेगा।
इस विस्तार के पूरा होने के बाद दिल्ली और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी। ब्लू लाइन और मजेंटा लाइन से आने वाले यात्री अब बॉटेनिकल गार्डन से सीधे सेक्टर-142 तक मेट्रो से सफर कर सकेंगे। फिलहाल यात्रियों को सेक्टर-52 पहुंचने के बाद पैदल या ई-रिक्शा से सेक्टर-51 जाकर एक्वा लाइन पकड़नी पड़ती है। नया कॉरिडोर बनने से यह परेशानी पूरी तरह खत्म हो जाएगी। साथ ही बोड़ाकी विस्तार के जरिए रेलवे स्टेशन तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी भी मिल जाएगी। परियोजना के तहत पहला कॉरिडोर बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक लगभग 12.5 किलोमीटर लंबा होगा, जिसकी लागत करीब 2,254 करोड़ रुपये है। इस रूट पर बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज सहित कई नए स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं दूसरा कॉरिडोर ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक करीब 2.6 किलोमीटर लंबा होगा, जिसकी अनुमानित लागत 416 करोड़ रुपये है। इस रूट पर जुनपत और बोड़ाकी रेलवे स्टेशन दो नए स्टेशन विकसित किए जाएंगे।







