
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले बड़ा विवाद सामने आया है। कार्यक्रम के लिए तय केपी इंटर कॉलेज मैदान की अनुमति कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने रद्द कर दी है। कांग्रेस का कहना है कि पहले अनुमति मिलने के बाद निर्धारित शुल्क भी जमा कराया जा चुका था। जारी पत्र में अनुमति रद्द करने की वजह इलाहाबाद हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश और मौजूदा परिस्थितियों को बताया गया है। पत्र के अनुसार, कार्यक्रम से दो विद्यालयों के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। साथ ही, लगातार बारिश के कारण मैदान खराब होने और उसे दोबारा तैयार करने में कठिनाई की आशंका भी जताई गई है।
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी कार्यवाहक अध्यक्ष से मुलाकात के लिए उनके आवास पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं, कांग्रेस ने साफ़ किया है कि कार्यक्रम की तैयारियों पर पहले ही बड़ी राशि खर्च हो चुकी है और 51 हजार रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी का दावा है कि प्रशासन से सहयोग मिल रहा है और राहुल गांधी का कार्यक्रम 8 अगस्त को तय समय पर ही आयोजित किया जाएगा। हालांकि, कार्यक्रम के लिए पुलिस प्रशासन की अंतिम अनुमति अभी मिलनी बाकी है। इस संबंध में अपर पुलिस आयुक्त के साथ बैठक हो चुकी है और पुलिस की ओर से जल्द अनुमति दिए जाने की उम्मीद जताई गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन अंतिम फैसला क्या लेता है और राहुल गांधी का प्रस्तावित कार्यक्रम तय तारीख पर हो पाता है या नहीं।





