
बिर्रा। ओडिशा से अवैध गांजे की खेप लेकर आ रहे तस्करों के खिलाफ बिर्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जब्त किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पायलटिंग कर रही एक बाइक भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत 1 अगस्त, शुक्रवार को थाना बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की दिशा में जा रही एक कार में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। कार के आगे एक बाइक पायलटिंग कर रही थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार और बाइक को रोक लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में रखा 26 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विजय बघेल (22 वर्ष), निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर, उत्तम चन्द्रा (41 वर्ष), निवासी जैजैपुर, भूरीबाई बघेल (55 वर्ष), निवासी देवरहटा, थाना हसौद तथा सव्या शर्मा (28 वर्ष), निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना बिर्रा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




