
रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में एसआईटी जांच में कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, परिवार का मुखिया साजिद अली लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहा था और कथित तौर पर आईपीएल सट्टेबाजी में बड़ी रकम गंवा चुका था। पुलिस के मुताबिक, साजिद ने करीब 16 लाख रुपये ऊंचे ब्याज पर उधार लिए थे। कर्ज नहीं चुका पाने के कारण उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और लेनदार कई बार उसके घर तक पहुंच रहे थे।
जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि घटना वाले दिन साजिद ने पहले पत्नी और तीन बच्चों को जहर दिया और कई घंटे बाद खुद फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस अभी सभी तथ्यों की जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है। तकनीकी जांच में साजिद के मोबाइल से दो संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनसे घटना से पहले लगातार बातचीत हुई थी। घटना के बाद से दोनों नंबर बंद हैं और पुलिस उनसे जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। एसआईटी को बैंक खातों और मोबाइल रिकॉर्ड में आईपीएल सट्टेबाजी से जुड़े संदिग्ध लेन-देन के संकेत भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस वित्तीय लेन-देन, कॉल रिकॉर्ड और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।






