
जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी आपबीती साझा की। घायल दिल्ली पुलिस ACP की पत्नी ने बताया कि 20 जुलाई की देर रात जब उनके पति घायल हालत में घर लौटे, तो वह पल उनके और उनकी दो साल की बेटी के लिए बेहद दर्दनाक और सदमे भरा था।

वहीं घायल ASI की पत्नी सीमा ने कहा कि पुलिसकर्मियों का भी परिवार होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला किया गया। उनके पति का हेलमेट तक टूट गया था। सीमा ने कहा कि उनके पति सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहे थे और जब तक वह घर नहीं लौटते थे, परिवार को उनकी चिंता सताती रहती थी। घायल ACP के बेटे लक्ष्य ने बताया कि 20 जुलाई को हुई हिंसा में उनके पिता भी घायल हुए थे। उनके सिर पर चोट लगी थी। लक्ष्य के मुताबिक, उनके पिता ने बताया था कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व मौजूद थे।





