
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले से अमरनाथ यात्रियों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। गांदरबल के गुंड इलाके में 39 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में करीब 30 यात्री घायल हुए हैं। सभी यात्री बाबा अमरनाथ के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खतरनाक रास्ते पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और एक मकान पर जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस, ITBP, CRPF, सेना और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर घायलों के इलाज की जानकारी ली। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को घायलों को हर जरूरी मदद और बेहतर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल श्रद्धालुओं के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

बता दें कि अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 2 जुलाई से हुई थी और यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी। अब तक 4 लाख 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ गुफा अनंतनाग जिले में समुद्र तल से करीब 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालु दो प्रमुख मार्गों से पहुंचते हैं। अनंतनाग जिले का करीब 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले का करीब 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग। बालटाल रूट छोटा जरूर है, लेकिन यहां चढ़ाई ज्यादा खड़ी है। इसी रास्ते से लौटते समय 39 तीर्थयात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई।






