
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर साझा किए गए ऐसे कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हुए जश्न के दौरान कुछ वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।पुलिस ने कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर संबंधित कंटेंट हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऐसे पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स की पहचान कर उनकी समीक्षा की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या वायरल कंटेंट से किसी कानून का उल्लंघन हुआ है या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






