
शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर ‘पूरा भरोसा’ जताया है और इसीलिए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा विभाग से जुड़ी सभी जानकारियों की समीक्षा के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं।
पद संभालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जोशी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने मुझ पर पूरा भरोसा जताया है और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है। मैं कल कर्नाटक में था, रात को यहां पहुंचा और आज सुबह पद संभालने और मंत्रालय का काम देखने के लिए यहां आया हूं।” उन्होंने कहा, “मैंने पूरे मंत्रालय को समझने की कोशिश की है। रविवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मैंने लगातार बैठकें कीं। यह विषय मेरे लिए नया है, इसलिए इसे पूरी तरह समझने के बाद मैं आपसे विस्तार से बात करूंगा।”
इससे पहले, सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जोशी ने कहा, “आज मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के तौर पर पदभार संभाला। मुझ पर भरोसा करने और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं।” उन्होंने कहा, “मैं इसे विनम्रता और कर्तव्य की गहरी भावना के साथ स्वीकार करता हूं।”
वहीं, राष्ट्रपति सचिवालय ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर धर्मेंद्र प्रधान का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। यह इस्तीफा संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत स्वीकार किया गया। राष्ट्रपति ने साथ ही प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। शिक्षा मंत्रालय का प्रमुख होने के साथ-साथ वे अपने मौजूदा ‘खाद्य और उपभोक्ता मामलों’ के मंत्रालय का काम भी देखते रहेंगे।







