
दक्षिण सिक्किम के नामची जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। फामताम-मकरजंग क्षेत्र में भूस्खलन से बंद सड़क को खोलने का काम चल रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिर गईं। इस हादसे में सड़क बहाली में लगे दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बल और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी अब भी अस्थिर है, इसलिए इलाके में सतर्कता बरती जा रही है और सड़क बहाली का काम सुरक्षा मानकों के साथ जारी है।






