
मेरठ। मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पति-पत्नी का विवाद सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया। कचहरी के बाहर दोनों के बीच कथित तौर पर iPhone को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी ने बॉडी बिल्डर पति के साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। जवाब में पति ने अपनी फटी शर्ट पत्नी की ओर फेंक दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के मुताबिक, सोनम और संचित के बीच पारिवारिक विवाद पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि कचहरी के बाहर पत्नी ने शादी के बाद पति को दिया गया iPhone वापस मांगा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्ष सिविल लाइंस थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी भी जांच की जा रही है।







