
नई दिल्ली: सरकार और CJP के प्रतिनिधिमंडल के बीच शुक्रवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में बैठक हुई। करीब 10 मिनट चली इस बैठक के बाद CJP ने दावा किया कि सरकार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर फैसला लेने के लिए 25 जुलाई 2026 की दोपहर तक का समय मांगा है। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेगी।
CJP ने यह भी कहा कि उनकी दो अन्य मांगों पर सरकार ने सिद्धांततः सहमति जताई है। इनमें NEET से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने और छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR व अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है। बैठक के बाद CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, “सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी मांग पर कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इस पर फैसला करेगी। इसके अलावा, आत्महत्या करने वाले NEET अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने और छात्रों पर दर्ज FIR व अन्य कानूनी मामले वापस लेने की मांग पर सरकार ने सिद्धांततः मंजूरी दे दी है।” वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “CJP के प्रतिनिधिमंडल के साथ हमारी बैठक हुई। हमने उनकी सभी बातें सुनीं। उनकी तीन प्रमुख मांगें थीं और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए पांच सुझाव भी दिए गए। हमने उनसे कहा है कि सरकार इन सभी बिंदुओं पर चर्चा करेगी और कल दोपहर दोबारा बैठक कर अपना पक्ष बताएगी।”






