CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का रेड अलर्ट! अगले 5 दिन तक मानसून रहेगा मेहरबान

रायपुर : – छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। धमतरी में बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अधिकारियों को अलर्ट पर रखा है। वहीं, रायगढ़ में 13 सेंटीमीटर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पुसौर, तमनार, सारंगढ़, अकलतरा, धाभरा, बलौदा समेत कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि सक्रिय मानसूनी द्रोणिका, मध्य प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व अरब सागर तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके चलते कई स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं महासमुंद, कबीरधाम, मुंगेली और अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

About The Author