पुरी। विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान रविवार को ओडिशा के पुरी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बड़ादांड (ग्रैंड रोड) पर दर्शन और रथ खींचने के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे थे। रथ यात्रा के दौरान बड़ादांड पर भीड़ का दबाव अचानक बढ़ने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े और भीड़ की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को जिला मुख्य अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।

हादसे के बाद जिला प्रशासन और श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रथ यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम सख्त कर दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने, सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करने और निर्धारित सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं, घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।






