
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) जल्द ही महिलाओं के लिए 56 स्पेशल इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करेगा। इनमें 30 लेडीज स्पेशल बसें कामकाजी महिलाओं के लिए और 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (U-SPL) बसें छात्राओं के लिए चलाई जाएंगी। ये बसें राजधानी के 28 व्यस्त रूटों पर संचालित होंगी, जिससे पीक आवर्स में महिलाओं को भीड़भाड़ से राहत और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी।

डीटीसी के मुताबिक, लेडीज स्पेशल बसें प्रमुख कार्यालय क्षेत्रों, व्यावसायिक इलाकों और मेट्रो इंटरचेंज को जोड़ेंगी। इनका संचालन सुबह 7:52 बजे से 9:00 बजे और शाम 4:32 बजे से 6:15 बजे के बीच होगा। वहीं, यूनिवर्सिटी स्पेशल बसें दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस समेत अन्य शिक्षण संस्थानों को नजफगढ़, रोहिणी, जनकपुरी, मुंडका, मयूर विहार, कालकाजी, पल्ला और धौलाकुआं जैसे रिहायशी इलाकों से जोड़ेंगी, जिससे छात्राओं को सुरक्षित और आसान आवागमन की सुविधा मिलेगी।

दिल्ली सरकार के अनुसार, सभी 56 बसें 100 फीसदी इलेक्ट्रिक होंगी और इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, लो-फ्लोर रैंप तथा जरूरत पड़ने पर बस मार्शल या महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती जैसी सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन बसों को विशेष ब्रांडिंग दी जाएगी और इन्हें पिंक स्मार्ट कार्ड प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा, ताकि पात्र महिला यात्रियों को मुफ्त और कैशलेस यात्रा मिल सके। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के लिए सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।







