Delhi NCR Weather Live: मूसलाधार बारिश से दिल्ली-एनसीआर बेहाल, हर तरफ जलभराव, ट्रैफिक पूरी तरह जाम

लगातार हो रही भारी बारिश ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में जगह-जगह जलभराव से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। गाजियाबाद की बसंतपुर सैंथली स्थित लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसाइटी में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई, जिससे बेसमेंट पार्किंग और व्यावसायिक क्षेत्र पानी में डूब गए। कई दुकानों में पानी घुसने से लाखों रुपये का सामान खराब हो गया, जबकि सड़कों पर भारी जाम के कारण लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।

भारी बारिश का असर उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी देखने को मिला। गाजियाबाद, मथुरा समेत कई शहरों में जलभराव के चलते यातायात प्रभावित रहा। वहीं, जिले में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। राजस्थान के डूंगरपुर में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं के बीच कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। पुराने शहर के कई हिस्सों में तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए 10 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 10 और 11 जुलाई को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि 12 से 14 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

About The Author