
उधमपुर :कटड़ा में वैष्णो देवी यात्रा के लिए भवन से भैरव बाबा के मंदिर तक जाने वाली रोपवे यात्रा बंद कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक सूचना के अनुसार, वार्षिक रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्य के कारण रोपवे 13 से 22 जुलाई तक बंद रहेगा। रोपवे का संचालन 23 जुलाई से फिर शुरू किया जाएगा।कटड़ा में सोमवार सुबह मौसम साफ होने पर कटड़ा से सांझीछत तक हेलीकॉप्टर सेवा फिर से शुरू कर दी गई थी। मौसम में सुधार का फायदा उठाते हुए कई श्रद्धालु कुछ ही मिनटों में भवन पहुंच गए।

हालांकि, यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही थी।दोपहर होते-होते त्रिकूट पर्वत और आसपास के क्षेत्र में घने बादल छा गए। मौसम खराब होने और सुरक्षा कारणों को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा को एक बार फिर अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था। हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित होने के बाद अव रोपवे यात्रा भी बंद कर दी गई है।रोपवे सेवा सामान्य दिनों में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होती है। इस दौरान श्रद्धालु कटरा से सांझीछत के बीच लगभग 3 से 5 मिनट में हवाई सफर कर भवन की ओर आसानी से पहुंचते हैं।रोपवे सेवा का किराया प्रति व्यक्ति लगभग 100 रुपये निर्धारित है। तीन वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी यात्रियों के लिए टिकट लेना अनिवार्य है। श्रद्धालु टिकट श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन या भवन स्थित टिकट काउंटरों से ऑफलाइन खरीद सकते हैं।





