नकटी मुद्दे पर कांग्रेस का राजभवन कूच, प्रभावित महिलाओं ने गांव में पुनर्वास की उठाई मांग,सरकार पर साधा निशाना…

रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी ने नकटी से राजभवन तक करीब 14 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और प्रभावित परिवार शामिल हुए।पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं और विस्थापित परिवारों ने सड़क पर बैठकर भोजन किया। वहीं प्रभावित महिलाओं ने “नकटी में ही घर बनाओ” के नारे लगाते हुए सरकार से गांव में ही पुनर्वास की मांग की। महिलाओं का कहना था कि वे किसी दूसरी जगह नहीं, बल्कि अपने मूल गांव में ही बसना चाहती हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने राम मंदिर तिराहा के पास बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया। प्रशासन ने पहले से ही स्पष्ट कर दिया था कि पदयात्रा को इसी स्थान पर रोका जाएगा। इसके बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर नकटी मामले में ज्ञापन सौंपेगा। इस पदयात्रा में पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, अनिला भेड़िया, प्रमोद दुबे सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। दूसरी ओर, पदयात्रा के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। श्रीराम मंदिर तिराहा से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड करीब पांच घंटे के लिए बंद रही, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से मुख्य मार्ग का उपयोग करने की अपील की।

About The Author