
नई दिल्ली: अगर आप लाल किला घूमने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने आदेश जारी कर बताया है कि 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक लाल किला आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी पर्यटक को किले में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह फैसला स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

एएसआई के मुताबिक, प्रधानमंत्री 15 अगस्त को हर साल की तरह लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। इसी वजह से परिसर में मंच निर्माण, सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती, रिहर्सल और अन्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने बताया कि यह निर्णय Ancient Monuments and Archaeological Sites and Remains Rules, 1959 के नियम-5 के तहत लिया गया है, जिसके तहत समारोह संपन्न होने तक लाल किला आम लोगों के लिए बंद रहेगा।

एएसआई ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय इस अवधि का ध्यान रखें। स्वतंत्रता दिवस समारोह समाप्त होने के बाद सुरक्षा प्रतिबंध हटाए जाएंगे और लाल किले को दोबारा आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी राष्ट्रीय समारोह को देखते हुए लाल किले और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।





