
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के पार्थिव शरीर आज भारत लाए जाएंगे। भारतीय दूतावास के अनुसार, वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN979 स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे हो ची मिन्ह सिटी से रवाना होगी और रात 9:35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी।

यह हादसा फू क्वोक द्वीप के पास उस समय हुआ, जब पर्यटकों से भरी स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। हादसे में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटकों की मौत हो गई। मामले में समुद्री सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में स्पीडबोट के 57 वर्षीय कप्तान को वियतनाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भारतीय दूतावास ने बताया कि हादसे में बचाए गए 17 भारतीय पर्यटकों में से 16 स्वदेश लौट रहे हैं, जबकि एक घायल का इलाज फू क्वोक के अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दूतावास ने संबंधित राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित कर पार्थिव शरीरों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी शुरू कर दी है।







