
चीन के ग्वांग्शी प्रांत में भारी बारिश और भीषण बाढ़ के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बाढ़ के कारण एक सांप पालन केंद्र की दीवार ढहने के बाद करीब 900 सांप बाहर निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर फैल गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बड़ी संख्या में सांप बाढ़ के पानी के साथ बहते और सड़कों पर रेंगते दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
रिपोर्टों के अनुसार, ग्वांग्शी चीन में सांप पालन का बड़ा केंद्र है, जहां दवाइयों और चमड़े से जुड़े उद्योगों के लिए बड़ी संख्या में सांप पाले जाते हैं। बाढ़ के तेज बहाव से फार्म क्षतिग्रस्त हो गया और सांप बाहर निकल आए।

अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कुछ रिपोर्टों में कोबरा जैसे जहरीले सांपों के भी बाहर आने का दावा किया गया है, हालांकि बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय प्रशासन ने सांपों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया है और लोगों से अपील की है कि यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें। इस बीच चीन में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दर्जनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और खराब मौसम के कारण कई जगहों पर जान-माल का नुकसान भी हुआ है।





