
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के यल्लापुर तालुका स्थित अरबैल घाट के पास गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धर्मस्थल जा रही एक मल्टी-यूटिलिटी व्हीकल (MUV) की ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में धारवाड़ के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व राहत दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक धारवाड़ के निवासी थे और बुधवार रात धर्मस्थल समेत अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए निकले थे। मृतकों की पहचान MUV चालक संजय अंगादी (33), बसवराज (48), अभिषेक ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26) और मंजूनाथ चुलकी (32) सहित कुल सात लोगों के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि MUV पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों के बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में घायल दुर्गाप्पा मदिवाल, चन्नाबसय्या संपगाव और सचिन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन बुरी तरह कुचल जाने के कारण राहत और बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यल्लापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल बचे शिवराज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 125(2) (दूसरों के जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालना) और 106(1) (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।






