
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। प्रदेश में फिलहाल 34 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं, जिससे कई इलाकों में लोगों की आवाजाही बाधित है। सबसे अधिक असर चमोली जिले में है, जहां 10 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा पिथौरागढ़ में 8, देहरादून में 6, टिहरी में 4, रुद्रप्रयाग में 3, पौड़ी में 2 और बागेश्वर में 1 मार्ग बंद है।

इससे पहले गुरुवार को भी भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हो गई थीं। बदरीनाथ हाईवे करीब साढ़े 11 घंटे तक बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। हालांकि, चमोली के नारायणबगड़ और देवाल क्षेत्र के प्रभावित गांवों में अब बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं, नारायणबगड़ में शुक्रवार देर रात करीब साढ़े तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। बाजार और इंटर कॉलेज का मैदान जलमग्न हो गया। बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन बंद सड़कों को जल्द खोलने और हालात सामान्य करने में जुटा हुआ है।





