आगरा के सिकंदरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की कथित तौर पर खीर में नींद की गोलियां मिलाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के बाथरूम में दफनाकर ऊपर से फर्श बनवा दिया। करीब डेढ़ महीने तक किसी को इस वारदात की भनक नहीं लगी। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस एक पुराने केस के सत्यापन के सिलसिले में घर पहुंची और पूछताछ के दौरान महिला के व्यवहार पर शक हुआ।

जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से शराब पीने और घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़े होते थे। महिला ने पहले पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और पड़ोसियों व परिजनों के सामने अनजान बनने की कोशिश करती रही। बाद में उसने अपने जेठ को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस ने बाथरूम का फर्श खुदवाकर कंकाल बरामद किया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में महिला ने अलग-अलग बयान दिए हैं, जबकि पुलिस को शक है कि इस वारदात में किसी और की भी भूमिका हो सकती है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।





