
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर हैं। वे सबसे पहले जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का लोकार्पण करेंगे और संशोधित ‘उड़ान’ योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा के पचपदरा पहुंचकर देश की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल एचपीसीएल रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास करेंगे और युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान के विकास को नई गति देगा। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए लिखा, “पधारो सा”, और विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘विकसित राजस्थान’ का संकल्प और मजबूत होगा।

करीब 79,459 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पचपदरा रिफाइनरी इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण मानी जा रही है। परियोजना में 28 हजार किलोमीटर लंबी केबल बिछाई गई है, 125 मीटर ऊंचा कोक डोम बनाया गया है और निर्माण में 16 लाख घन मीटर कंक्रीट तथा लगभग तीन लाख मीट्रिक टन स्टील का इस्तेमाल हुआ है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से राजस्थान में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।






