
अयोध्या। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। वे हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के गुरु के निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे। एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह सिर्फ पाप नहीं, बल्कि महापाप है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य में शामिल लोगों को भगवान भी दंड देंगे और कानून भी उन्हें नहीं छोड़ेगा।

उन्होंने मामले की एसआईटी जांच और देश की कानून-व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी। मामले में कई नाम सामने आने के सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि संतों, महंतों, मठों और मंदिरों को बदनाम करने की एक सुनियोजित साजिश रची जा रही है। उनका कहना था कि ऐसे मामलों के जरिए लोगों की धार्मिक आस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और ऐसी साजिशों से सतर्क रहें तथा जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।






