
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। आज और कल प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, सक्रिय मौसमी सिस्टम और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।






