
अयोध्या: Yogi Adityanath Ayodhya Visit: राम मंदिर में दान के कथित गबन को लेकर विवादों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या जा रहे हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ का आज शुक्रवार को अयोध्या में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना प्रस्तावित है. आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री की यात्रा में श्री ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिष्ठा महोत्सव, महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मदिन का कार्यक्रम, रामायण वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन और अयोध्या नगर निगम द्वारा विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करना शामिल है. सीएम अयोध्या राम मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे. लेकिन ऐसा पहली बार होगा कि अयोध्या में सीएम के कार्यक्रम में श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय शामिल नहीं होंगे. चढ़ावा चोरी को लेकर मची सियासी हलचल के बीच सीएम के अयोध्या दौरे पर सबकी नजरें टिकी है. माना जा रहा है कि योगी एसआईटी जांच के बारे में जानकारी ले सकते हैं.
सीएम के कार्यक्रम में दूर रहेंगे चंपत राय
दरअसल जिला प्रशासन ने चंपत राय से सीएम के कार्यक्रम से दूरी बनाने का अनुरोध किया है. जिला प्रशासन ने CM का प्रोटोकॉल मंदिर ट्रस्ट को भेजा है. जिसमें मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि वह इस कार्यक्रम में आने के लिए किसी व्यक्ति को नामित करें. पहले ऐसा नहीं होता था. मंदिर आने वाले प्रत्येक VIP की अगवानी खुद चंपत राय करते थे. माना जा रहा है कि चंदा चोरी के आरोपों के बीच सरकार ने चंपत राय से दूरी बना ली है
योगी का आज अयोध्या में क्या है कार्यक्रम?
योगी आदित्यनाथ दोपहर साढ़े तीन बजे श्री ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का जैन धर्म में विशेष महत्व है. मुख्यमंत्री महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मदिन समारोह में भी हिस्सा लेंगे. महंत को राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े प्रमुख संतों में से एक माना जाता है.
10 करोड़ की लागत से बनी वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे योगी
बयान के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ शाम को रामायण वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे, जिसे अयोध्या में कांशीराम कॉलोनी के पास करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है. इस संग्रहालय को अयोध्या के सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है. इस संग्रहालय में रामायण की विभिन्न घटनाओं को दर्शाती हुई विभिन्न मोम की मूर्तियां हैं, जिनमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान आदि की मूर्तियां शामिल हैं.




