
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर कहा कि दादरा एवं नगर हवेली, दमन और दीव में दशकों से देखे गए विकास के सपने अब साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी नई परियोजनाएं क्षेत्र के लोगों का जीवन आसान बनाएंगी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र अब सुशासन और विकास का एक सफल मॉडल बनकर उभर रहा है।
भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने 7.7% की आर्थिक वृद्धि दर हासिल की है, जबकि मार्च तिमाही में विकास दर 7.8% रही। उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। उन्होंने इसे 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयासों, सुधारों और बुनियादी ढांचे में निवेश का परिणाम बताया।
पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा पर जोर
विश्व पर्यावरण दिवस का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलने चाहिए। उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत क्षेत्र में करीब एक लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केंद्र शासित प्रदेश सरकारी भवनों में 100% सौर ऊर्जा उपयोग का लक्ष्य हासिल कर चुका है और दीव में दिन के समय बिजली की पूरी मांग सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। उन्होंने रूफटॉप सोलर परियोजनाओं के विस्तार की भी सराहना की।
पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई गति
नरेंद्र मोदी ने कहा कि नमो एयरपोर्ट, दमणगंगा नदी पर बनने वाला आइकॉनिक ब्रिज, बीच फ्रंट विकास और कन्वेंशन सेंटर जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के भविष्य की मजबूत नींव रखेंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पर्यटन, व्यापार, आतिथ्य क्षेत्र और लॉजिस्टिक्स को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2021 में जहां इस क्षेत्र में करीब 6 लाख पर्यटक आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर लगभग 50 लाख तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी है। आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्रों और डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत और जन औषधि योजनाओं के कारण गरीबों और मध्यम वर्ग के करीब सवा दो लाख करोड़ रुपए खर्च होने से बचे हैं। उन्होंने दमन में नमो अस्पताल के लोकार्पण और क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का भी उल्लेख किया।
शिक्षा और कौशल विकास को मिल रहा बढ़ावा
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब इस क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हो रही है। यहां आधुनिक स्कूल भवन, स्मार्ट क्लासरूम और राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थान विकसित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद एजुकेशन हब, नए कौशल विकास कार्यक्रम, ड्रोन टेक्नीशियन कोर्स और एनआईएफटी परिसर जैसी पहलें युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ेंगी।
खेल और ब्लू इकोनॉमी पर भी फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने छोटे क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। दीव आज बीच स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि खानवेल में फुटबॉल सेंटर और दमन में वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र खेल संस्कृति को मजबूत कर रहे हैं। साथ ही लक्षद्वीप में आधुनिक बंदरगाह परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ब्लू इकोनॉमी भारत की नई विकास शक्ति बनेगी।
उद्योग और एमएसएमई क्षेत्र को मिलेगा लाभ
नरेंद्र मोदी ने कहा कि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव मैन-मेड फाइबर उद्योग और प्लास्टिक निर्यात के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। सरकार द्वारा एमएसएमई और अन्य उद्योगों को वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र देश के प्रमुख विनिर्माण केंद्रों में शामिल होगा।
विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का भरोसा
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि जब विकास की सोच के साथ संवेदनशील प्रशासन जुड़ता है, तब परिवर्तन तेजी से दिखाई देता है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्यमियों की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए हर कदम पर साथ खड़ी रहेगी।




