
दुर्ग : भिलाई में बीयर की बोतल टूटने से शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। बुधवार देर रात छावनी थाना परिसर में दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। हालात ऐसे बन गए कि पुलिसकर्मियों को भीड़ को काबू करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष पहले हुए मारपीट के मामले में समझौते की बात करने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा और कैंप मंडल अध्यक्ष राजेश चौधरी के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग थाने के भीतर ही आपस में भिड़ गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय थाना प्रभारी मौके पर मौजूद नहीं थे। बाद में उनके पहुंचने पर दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज की गई और देर रात एफआईआर की कार्रवाई की गई।पहले पक्ष की ओर से दीपक पासी ने शिकायत में बताया कि 20 मई को उसके दोस्त मनीष देवांगन का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान वह बीयर लेने गया था। लौटते समय राजेश चौधरी के घर के सामने उसकी बाइक फिसल गई, जिससे बीयर की बोतल टूट गई। आरोप है कि इसी बात पर राजेश चौधरी और उनके भाई ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त सुजीत गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है।वहीं दूसरे पक्ष की ओर से पूर्व सैनिक और बीजेपी नेता राजेश चौधरी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि बर्थडे पार्टी में तेज शोर-शराबा हो रहा था। जब उन्होंने घर के सामने टूटी बोतल की सफाई करने को कहा तो विवाद शुरू हो गया। राजेश का आरोप है कि बाद में दीपक अपने साथियों के साथ लौटा और हमला कर दिया। साथ ही उनके भाइयों के साथ मारपीट और कार का कांच तोड़ने की बात भी शिकायत में कही गई है।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।







