
रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते दिनों बादल, अंधड़ और हल्की बारिश के बाद अब मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं। बुधवार को बिलासपुर 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवायजरी जारी करते हुए लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा बिलासपुर में देखने को मिला, जहां दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं। वहीं रायपुर में दिन के साथ रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि बुधवार शाम रायपुर सहित कुछ इलाकों में तेज अंधड़ चला, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। दुर्ग में जरूर हल्की बारिश होने से तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की गई।इधर, 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा को लेकर भी मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है। 2 जून तक चलने वाले नौतपा के दौरान प्रदेश में तेज गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते बीच-बीच में बारिश होने के भी संकेत मिल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि केरल में मानसून की संभावित एंट्री का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है, जिससे नौतपा के अंतिम दिनों में लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।






