
रायपुर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रविवार देर शाम अपने तीन दिवसीय दाैरे पर रायपुर आगमन हुआ। इस माैके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे, जिसके बाद सोमवार सुबह बस्तर के लिए रवाना होंगे। अपने दौरे के दौरान गृहमंत्री रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर एयरपोर्ट से सीधे नवा रायपुर स्थित होटल पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम करेंगे। उसके बाद 18 मई की सुबह 10:30 बजे गृहमंत्री अमित शाह राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे डायल-112 सेवा के लिए शामिल किए गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
दोपहर 12:20 बजे केंद्रीय गृहमंत्री शाह रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर पहुंचने के बाद वे नेतानार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। शाम को वे जगदलपुर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। गृहमंत्री शाह 18 मई की रात जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
19 मई को सुबह 11 बजे से जगदलपुर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हिस्सा लेंगे। बैठक के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है।
दौरे के अंतिम दिन दोपहर करीब 3:40 बजे गृहमंत्री शाह जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।







